राजस्थान में कई हिस्सों में बारिश, 29 अक्टूबर से होगी कमी
एक नए मौसमी तंत्र के असर से बीते चौबीस घंटे में राजस्थान के अनेक हिस्सों में बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, चित्तौड़गढ़ जिले में भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, बुधवार सुबह तक बीते चौबीस घंटे में पूर्वी राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में भारी तथा कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, वहीं पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई। सबसे अधिक 68.0 मिलीमीटर बारिश डूंगला (चित्तौड़गढ़) में दर्ज की गई।
इस दौरान अधिकतम तापमान फलौदी में 32.6 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान सिरोही में 14.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में भारी बारिश की गतिविधियों में 29 अक्टूबर से कमी होगी। हालांकि, दक्षिणी व दक्षिण-पूर्वी भागों में आगामी चार से पांच दिन तक हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
वहीं पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्र, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में आगामी चार से पांच दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। इस बीच, एक और नया पश्चिमी विक्षोभ तीन नवंबर को सक्रिय होने की संभावना है, जिससे पश्चिमी और पूर्वी भागों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
Latest News
