नोएडा में आठवीं मंजिल से गिरकर मेडिकल प्रतिनिधि की मौत, पुलिस जांच में जुटी
नोएडा। सेक्टर 74 स्थित एक आवासीय सोसाइटी में 29 वर्षीय मेडिकल प्रतिनिधि (एमआर) की आठवीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, मृतक कुछ दोस्तों से मिलने गया था जिनसे वह हाल ही में एक ऑनलाइन ऐप के जरिए जुड़ा था। सेक्टर 113 पुलिस थाना प्रभारी के जी शर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान अलीगढ़ निवासी शुभम कुमार के रूप में हुई है। वह रविवार सुबह सुपरटेक नॉर्थ आई सोसाइटी की आठवीं मंजिल से गिर गया।
अधिकारी ने बताया कि शुभम शनिवार को अपने दोस्तों से मिलने सोसाइटी गया था। शर्मा ने बताया कि कुमार नोएडा में मेडिकल प्रतिनिधि (एमआर) के तौर पर काम करता था।
घटना के बाद शुभम को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में जांच जारी है और घटनाक्रम का पता लगाने के लिए इमारत के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
Latest News
