Trending News

‘घुसपैठियों के वोट से सरकार बनाना चाहता है विपक्ष’: नड्डा

:: Editor - Omprakash Najwani :: 25-Oct-2025
:

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन बिहार में अगली सरकार ‘‘घुसपैठियों के वोट की मदद से’’ बनाना चाहता है। वैशाली जिले में बुद्धिजीवियों की एक बैठक को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि विपक्षी दल अब ‘‘वोट चोरी’’ के आरोपों पर बात करना बंद कर चुके हैं, क्योंकि निर्वाचन आयोग ने उन आरोपों के समर्थन में हलफनामे मांगे हैं।

नड्डा ने कहा, ‘‘विपक्ष ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर आपत्ति जताई थी, क्योंकि वे घुसपैठियों के वोट के आधार पर सरकार बनाना चाहते हैं। लेकिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार ऐसा कभी नहीं होने देगी। अब वे पूरी तरह बेनकाब हो गए हैं, क्योंकि उनके पास अपने आरोपों का कोई सबूत नहीं है।’’

नड्डा ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर भी निशाना साधते हुए कहा कि ‘‘लालू प्रसाद की पार्टी राजद का मतलब है— रंगदारी, जंगलराज और दबंगई।’’ भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले 20 वर्षों में बिहार को ‘‘जंगलराज’’ से मुक्त कराया है।

उन्होंने कहा, ‘‘आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य में लगातार प्रगति हो रही है।’’ नड्डा ने कहा कि राजग सरकार ने हाल के वर्षों में बिहार के लिए अनेक कार्य किए हैं और राज्य के लिए रेल बजट में भी भारी बढ़ोतरी की गई है।


विज्ञापन

( Connecting with social media platform )
Facebook | Youtube   | Twitter
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News


विज्ञापन