माओवादी वेणुगोपाल राव के आत्मसमर्पण के बाद केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार की चेतावनी — “सशस्त्र नेटवर्क से जुड़े नेता सावधान रहें”
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने रविवार को तेलंगाना के उन राजनेताओं को चेतावनी दी जो लोकतंत्र का पाठ पढ़ाते हुए सशस्त्र नेटवर्क का कथित तौर पर समर्थन कर रहे हैं। संजय कुमार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में एक मीडिया रिपोर्ट साझा की, जिसमें दावा किया गया था कि कुख्यात नक्सली मल्लोजुला वेणुगोपाल राव उर्फ भूपति उर्फ सोनू ने गुरिल्लाओं के एक गुट और तेलंगाना के कुछ राजनेताओं के बीच गुप्त मिलीभगत का खुलासा किया है।
वेणुगोपाल राव, जो भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा)-माओवादी की केंद्रीय समिति और पोलित ब्यूरो के सदस्य हैं, पर छह करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। उन्होंने हाल ही में महाराष्ट्र के गडचिरौली जिले में 60 अन्य कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया।
संजय कुमार ने अपने पोस्ट में लिखा, “तेलंगाना के नेता, इसे एक चेतावनी समझें। जो लोग मंच पर लोकतंत्र का पाठ पढ़ाते हुए सशस्त्र नेटवर्क का कथित तौर पर समर्थन कर रहे हैं, वे अपने संबंध तोड़ लें, नहीं तो बेनकाब हो जाएंगे। केंद्रीय एजेंसियां माओवादी कार्यकर्ताओं तक ही सीमित नहीं रहेंगी।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार भ्रष्टाचार, अपराध और चरमपंथी संबंधों को पनाह देने वाले गठजोड़ का पता लगा रही है और बिना किसी दया या नरमी के उन्हें जड़ से समाप्त करेगी।
संजय कुमार ने कहा, “चाहे कोई भी हो, खुद को कितना भी बड़ा समझता हो, अगर वह समस्या का हिस्सा है तो किनारे हो जाए। देश की आंतरिक सुरक्षा के मामलों में अगर बड़ा से बड़ा नेता भी गलत पक्ष में खड़ा हो जाए तो उसका पतन तय है।”
Latest News
