हरियाणा सरकार का दिवाली तोहफा : गन्ने का भाव 415 रुपये प्रति क्विंटल किया गया, देश में सबसे अधिक दर
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने दिवाली के मौके पर किसानों को बड़ी राहत देते हुए गन्ने का भाव 400 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 415 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह निर्णय किसानों के हित में है और राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करेगा।
एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि राज्य सरकार ने किसानों को देश में गन्ने का सबसे ज्यादा भाव देने का फैसला किया है। अगेती किस्मों का भाव 400 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 415 रुपये प्रति क्विंटल और पछेती किस्मों का भाव 393 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 408 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है।
बयान के अनुसार यह मूल्य वृद्धि गन्ना किसानों के लिए दिवाली का तोहफा है और उनकी कड़ी मेहनत व समर्पण को मान्यता देने वाला कदम है। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि यह निर्णय किसानों की आय बढ़ाने और उनकी आर्थिक समृद्धि सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने दोहराया कि उनकी सरकार किसानों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Latest News
