Trending News

त्योहारी सीजन में दिल्ली पुलिस की नई पहल — भीड़भाड़ वाले बाजारों में ‘ड्रोन दीदी’ से हवाई निगरानी, अग्निशमन विभाग ने भी बढ़ाई चौकसी

:: Editor - Omprakash Najwani :: 20-Oct-2025
:

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए एक नई पहल की है। ‘नेत्र, नेतृत्व, नारी’ अभियान के तहत प्रशिक्षित महिला कर्मियों को ‘ड्रोन दीदी’ नाम से राजधानी के भीड़भाड़ वाले बाजारों में हवाई निगरानी के लिए तैनात किया गया है। ये महिला पुलिसकर्मी आधुनिक ड्रोन तकनीक की मदद से भीड़ की गतिविधियों पर नज़र रखेंगी और संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाएंगी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ‘ड्रोन दीदी’ तिलक नगर, राजौरी गार्डन, मोती नगर और कीर्ति नगर जैसे बाजारों में वास्तविक समय में निगरानी कर रही हैं। संदिग्ध गतिविधि का कोई भी फुटेज तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष को भेजा जाता है ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके। अधिकारी ने कहा कि यह पहल महिलाओं की भागीदारी और तकनीकी दक्षता दोनों को बढ़ावा देती है, जिससे दिल्ली पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।

इसी के साथ दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने दिवाली से पहले अपने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं ताकि 24 घंटे तैयारियां सुनिश्चित की जा सकें। डीएफएस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि त्योहारों के दौरान आग लगने से जुड़ी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विस्तृत योजना तैयार की गई है। सभी अग्निशमन केंद्रों और त्वरित प्रतिक्रिया टीमों (क्यूआरटी) को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में 100 से अधिक स्थानों पर कई क्यूआरटी तैनात की जाएंगी। पिछली दिवाली पर डीएफएस नियंत्रण कक्ष को आग से संबंधित 200 से अधिक सूचनाएं मिली थीं, जिनमें से कई पटाखों, शॉर्ट सर्किट और दीयों से हुई घटनाएं थीं। अधिकारी ने कहा कि सभी वाहन जांचे जा चुके हैं और पूरी तरह से चालू स्थिति में हैं। सदर बाजार, चांदनी चौक, भागीरथ पैलेस और औद्योगिक क्षेत्रों जैसे संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी संभावित स्थिति से तेजी और प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।


विज्ञापन

( Connecting with social media platform )
Facebook | Youtube   | Twitter
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News


विज्ञापन