Trending News

इंदौर में तीन मंजिला घर में भीषण आग, दम घुटने से 11 वर्षीय बच्चे की मौत

:: Editor - Omprakash Najwani :: 18-Oct-2025
:

इंदौर में शुक्रवार देर रात तीन मंजिला मकान में लगी आग के कारण धुएं से दम घुटने से 11 वर्षीय लड़के की मौत हो गई, जबकि उसके परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से बीमार हो गए। पुलिस ने बताया कि हादसा जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में हुआ।

जूनी इंदौर पुलिस थाने के प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि कबाड़ का कारोबार करने वाले एक व्यक्ति के घर में देर रात करीब दो बजकर 15 मिनट पर शॉर्ट सर्किट से आग लगी। घर के आगे के हिस्से में कबाड़ रखा जाता था, जबकि पीछे के हिस्से में परिवार रहता था। कबाड़ में फोम और स्पंज होने के कारण लपटों ने तेजी से पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि घर बेहद संकरा था और उसमें आने-जाने के लिए केवल एक ही दरवाजा था, जिससे धुआं बाहर नहीं निकल सका। पहली मंजिल पर रहने वाले परिवार के छह लोगों की तबीयत दम घुटने से बिगड़ गई। इनमें झुलसने का कोई निशान नहीं था। पुलिस और दमकल कर्मियों ने सभी को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां रहमान (11) को मृत घोषित कर दिया गया।

अनिल गुप्ता ने बताया कि दम घुटने से बीमार पांच लोगों का इलाज जारी है, जिनमें पति-पत्नी, उनकी दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। इनमें से चार लोगों को अस्पताल के जीवन रक्षक तंत्र पर रखा गया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि बचाव दल ने घर की दूसरी मंजिल पर रहने वाले एक अन्य परिवार के चार सदस्यों को पेड़ पर चढ़कर सुरक्षित बाहर निकाला। उन्होंने कहा कि अग्निकांड की विस्तृत जांच की जा रही है।


विज्ञापन

( Connecting with social media platform )
Facebook | Youtube   | Twitter
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News


विज्ञापन