तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से महिला की मौत, पति गंभीर रूप से घायल
शामली जिले के झिंझाना थाना इलाके में एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे एक महिला की मौत हो गई और उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, झिंझाना थाना क्षेत्र में करनाल-मेरठ राजमार्ग पर केरटू गांव के पास शुक्रवार शाम तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार कुसुम (40) की मौत हो गई, जबकि उसका पति सुमैर गंभीर रूप से घायल हो गया।
झिंझाना थाना प्रभारी (एसएचओ) वीरेंद्र कसाना ने बताया कि दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने कुसुम को मृत घोषित कर दिया। महिला का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और घायल सुमैर का उपचार जारी है।
कसाना ने बताया कि यह हादसा उस समय हुआ जब कुसुम और सुमैर मोटरसाइकिल से जसोई गांव से करनाल लौट रहे थे। ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
Latest News
