निर्माणाधीन बजरंग सेतु से गंगा में गिरा युवक, अब तक लापता
ऋषिकेश। प्राचीन लक्ष्मण झूला पुल के समानांतर बनाए जा रहे पारदर्शी कांच के फर्श वाले बजरंग सेतु से नई दिल्ली का एक युवक गंगा नदी में गिरकर लापता हो गया। राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) के प्रभारी निरीक्षक कवींद्र सजवाण ने शुक्रवार को बताया कि दुर्घटना बृहस्पतिवार रात सवा दस बजे हुई, जब हौज खास निवासी 31 वर्षीय हेमंत सोनी निर्माणाधीन पुल से गंगा नदी में जा गिरा।
सजवाण ने बताया कि सोनी के दो साथियों—अमित सोनी और अक्षत सेठ—ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद रात में ही लापता युवक की खोजबीन शुरू कर दी गई। हालांकि, अब तक हेमंत सोनी का कोई पता नहीं चल पाया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जनसुरक्षा की दृष्टि से पुल के दोनों छोरों पर आवागमन बंद रखने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन ये तीनों युवक बैरिकेड लांघकर पुल पर चले गए। उस समय पुल के फर्श पर पारदर्शी कांच की प्लेटें बिछाने का काम चल रहा था और रात में यह पहचानना मुश्किल था कि किस हिस्से में प्लेटें लगी हैं या नहीं।
सजवाण ने कहा कि संभवतः हेमंत सोनी से रात में यही चूक हो गई होगी और जहां फर्श पर पारदर्शी कांच की प्लेट नहीं लगी थी, उसी जगह से गंगा में गिरने से वह हादसे का शिकार हो गया होगा।
Latest News
