बालोतरा में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर से टकराई एसयूवी में चार दोस्तों की जलकर मौत
बालोतरा। राजस्थान के बालोतरा कस्बे के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक एसयूवी में सवार चार दोस्तों की जलकर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि यह हादसा सिणधरी क्षेत्र के सड़ा गांव के पास मेगा हाईवे पर हुआ, जब एसयूवी सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई और उसमें सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, गुड़ामालानी तहसील के डाबड़ा गांव के पांच युवक बुधवार देर रात सिणधरी में काम खत्म कर घर लौट रहे थे। रास्ते में उनकी एसयूवी ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी आग की लपटों में घिर गई। हादसे में मोहन सिंह (35), शंभू सिंह (20), पंचा राम (22) और प्रकाश (28) की जलकर मौत हो गई, जबकि चालक दिलीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस उपाधीक्षक (सिवाना) नीरज शर्मा ने बताया कि शव पूरी तरह से जल चुके थे और डीएनए परीक्षण के बाद ही उनकी पहचान हो पाएगी। उन्होंने कहा, “पुष्टि के बाद शव परिवारों को सौंप दिए जाएंगे।”
इस हादसे के बाद मेगा हाईवे पर भीषण जाम लग गया, जिसे एक घंटे की मशक्कत के बाद खोला जा सका।
Latest News
