Trending News

ट्रंप के दावे पर जयराम रमेश का वार, बोले– भारत के फैसले वाशिंगटन से घोषित हो रहे हैं

:: Editor - Omprakash Najwani :: 16-Oct-2025
:

नई दिल्ली। डोनाल्ड ट्रंप के “भारत रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा” वाले दावे पर बढ़ते विवाद के बीच कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। रमेश ने कहा कि भारत सरकार द्वारा लिए गए फैसलों की घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति करते हैं। उन्होंने व्यंग्य किया, “यहाँ से तारीफ, वहाँ से टैरिफ — यही विफल विदेश नीति की पहचान है।”

कांग्रेस में संचार मामलों के प्रभारी महासचिव जयराम रमेश ने एएनआई से बातचीत में कहा कि भारत सरकार के फैसले वाशिंगटन डीसी से घोषित किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संसद में अमेरिकी व्यापार समझौते और रूस से तेल खरीद को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री को बताना चाहिए कि अमेरिकी व्यापार समझौता अब तक क्यों नहीं हुआ और रूस से तेल खरीदने के पीछे की सच्चाई क्या है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को संसद को विश्वास में लेना चाहिए और देश के सामने अपनी विदेश नीति पर स्पष्टता लानी चाहिए।

राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 51 बार यह दावा कर चुके हैं कि उन्होंने व्यापारिक धमकी देकर भारत-पाकिस्तान तनाव को कम किया था। अब ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से रूस से तेल नहीं खरीदने की बात कही और मोदी ने उन्हें इस पर आश्वासन दिया। रमेश ने सवाल उठाया कि अगर ऐसा कोई निर्णय हुआ है, तो प्रधानमंत्री ने इसकी घोषणा क्यों नहीं की?

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री ट्रंप की तारीफ में ट्वीट करते हैं, लेकिन टैरिफ अमेरिका लगाता है। भारत सरकार अपने फैसलों की घोषणा क्यों नहीं करती?”

कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वह ट्रंप से “डरे हुए” हैं। राहुल गांधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति के दावे पर आपत्ति जताई और केंद्र सरकार पर विदेशी दबाव में काम करने का आरोप लगाया।


विज्ञापन

( Connecting with social media platform )
Facebook | Youtube   | Twitter
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News


विज्ञापन